इंजीनियर्स डे को यादगार बनाने पर हुई गहन चर्चा
बैठक में इंजीनियर्स ने शहर विकास और सामाजिक भूमिका पर दिए अपने-अपने सुझाव

जबलपुर। प्रोफेशनल इंजीनियर एसोसिएशन की बैठक विजय नगर स्थित सिटी कॉफी हाउस में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। बैठक में बड़ी संख्या में इंजीनियर सदस्य मौजूद रहे और सभी ने शहर के विकास तथा इंजीनियरों की सामाजिक भूमिका को लेकर अपने-अपने सुझाव साझा किए।
बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल सिंगौर ने की। इस दौरान उपाध्यक्ष ब्रह्मे माधव, नमदेव अंसल, श्रीवत्सव दीपक, भूपेंद्र दुबे, रवि चौरसिया, सतीश दीक्षित तथा मीडिया प्रभारी नितिन दुबे सहित अन्य पदाधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए विस्तृत चर्चा में अपने विचार रखे। सभी सदस्यों ने मिलकर शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ठोस सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक का मुख्य आकर्षण आगामी 15 सितंबर को आयोजित होने वाले इंजीनियर्स डे समारोह पर हुई गहन चर्चा रही। सदस्यों ने एक स्वर से निर्णय लिया कि इस बार इंजीनियर्स डे को अत्यंत धूमधाम और गरिमामय तरीके से मनाया जाएगा। कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए यह भी सुनिश्चित किया गया कि अधिक से अधिक इंजीनियर साथी इसमें शामिल हों और समाज के बीच इंजीनियरिंग पेशे की महत्ता को रेखांकित किया जा सके।
बैठक में यह भी प्रस्ताव रखा गया कि इंजीनियर्स डे पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से युवा पीढ़ी को प्रेरित करने, तकनीकी जागरूकता बढ़ाने और शहर के सतत विकास में इंजीनियर समाज के योगदान को रेखांकित करने वाले संदेश दिए जाएँ। सभी सदस्यों ने इस दिशा में ठोस पहल करने का आश्वासन दिया।
अध्यक्ष अनिल सिंगौर ने अपने संबोधन में कहा कि इंजीनियर केवल निर्माण कार्यों के प्रणेता ही नहीं, बल्कि समाज को नई दिशा देने वाले अग्रदूत भी हैं। इसलिए 15 सितंबर का दिन इंजीनियर समाज के लिए गौरव और प्रेरणा का अवसर होना चाहिए। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने संकल्प लिया कि इंजीनियर्स डे को ऐतिहासिक और यादगार बनाया जाएगा।






